25 वर्ष पूरे होने पर झारखंड की वैश्विक मंच पर एंट्री, हेमंत की अगुवाई में Nature-Positive Growth होगा राज्य का एजेंडा

RANCHI

विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक में इस बार भारत की ओर से दस राज्य हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें झारखंड पहली बार शामिल हुआ है। 19 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित इस वैश्विक बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में किया जाएगा।

देश के जिन राज्यों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है, उनमें झारखंड के अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश और केरल शामिल हैं। कई मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री इन प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे। सभी राज्य मिलकर भारत की आर्थिक प्राथमिकताओं, शासन सुधारों और विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

झारखंड के लिए यह यात्रा खास मानी जा रही है, क्योंकि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पहली बार विश्व आर्थिक मंच में इसकी औपचारिक भागीदारी हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल शासन-आधारित विकास, स्थिरता और दीर्घकालिक संस्थागत क्षमता से जुड़े मुद्दों को सामने रखेगा।

दावोस में झारखंड का थीम प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास” होगा। इस एजेंडे के तहत राज्य इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, वन एवं जैव-अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपनी प्राथमिकताएं रखेगा।

इसके अलावा क्रिटिकल मिनरल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित सत्रों और द्विपक्षीय बैठकों में झारखंड की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इन बैठकों के जरिए बहुपक्षीय संस्थानों, सरकारों, शैक्षणिक संस्थाओं और निजी क्षेत्र के साथ सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *