झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र को लेकर हेमंत सोरेन सख्त, वित्त विभाग को दिए स्पष्ट निर्देश
RANCHI
झारखंड विधानसभा के षष्ठम सत्र के पंचम (बजट) सत्र (18 फरवरी से 19 मार्च 2026) के सुचारु संचालन और बजट की रूपरेखा को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री कक्ष, झारखंड विधानसभा में हुई इस बैठक में राज्य की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में अपनी भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ हुई बातचीत से राज्य में निवेश के नए अवसर खुल सकते हैं। उन्होंने ट्राईबल वेलफेयर, छात्रवृत्ति और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी बजट में प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बजट सत्र समय पर और पूरी तैयारी के साथ आयोजित हो। उन्होंने वित्त विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विभागीय तैयारी में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों के लिए भी पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इधर 18 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक आहूत बजट सत्र की तैयारियों को लेकर डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान, रांची में सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री ने की।
बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बजट सत्र को लेकर सरकार की सक्रियता से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
