शंकराचार्य विवाद में दूसरा इस्तीफा, अब योगी के समर्थन में GST के डिप्टी कमिश्नर ने छोड़ा पद
AYODHYA
शंकराचार्य विवाद के बीच उत्तर प्रदेश से एक और अहम प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। अयोध्या में तैनात जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह दो पन्नों का इस्तीफा राज्यपाल को भेजा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नौकरी छोड़ने की बात कही है।
प्रशांत कुमार सिंह ने अपने बयान में कहा कि शंकराचार्य द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से वह गहरे आहत हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश से उन्हें वेतन मिलता है और जिसकी सेवा करने का अवसर मिला है, उसके लोकतांत्रिक रूप से चुने गए मुख्यमंत्री का इस तरह अपमान वह स्वीकार नहीं कर सकते।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि वह बीते तीन दिनों से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मानसिक रूप से व्यथित थे। आत्मसम्मान और अपने सिद्धांतों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा पूरी तरह स्वेच्छा से दिया गया है और इसके पीछे किसी प्रकार का दबाव नहीं है।
प्रशांत कुमार सिंह ने यह भी कहा कि इस्तीफा स्वीकार होने के बाद वह अपने निजी संसाधनों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और समाज व राष्ट्रहित में योगदान देते रहेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भी शंकराचार्य विवाद और यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। लगातार दूसरे इस्तीफे के बाद प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अयोध्या जैसे धार्मिक और संवेदनशील शहर से आया यह इस्तीफा विशेष महत्व का माना जा रहा है।
