GODDA
गोड्डा जिले के पोडैयाहाट थाना क्षेत्र में हुए पप्पु अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 7-8 जनवरी 2026 की रात की है, जब ग्राम मटिहानी के बधार में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में पोडैयाहाट थाना कांड संख्या-06/26, दिनांक 08 जनवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया था।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। त्वरित अनुसंधान के दौरान इस मामले में संलिप्त मुन्नीलाल मरांडी और अनंत मरांडी, दोनों निवासी ग्राम मटिहानी, थाना पोडैयाहाट, जिला गोड्डा को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि घटना की रात उनके घर के गोहाल से मवेशी चोरी कर तीन अज्ञात लोग ले जा रहे थे। चोर-चोर का शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हुए और पीछा कर बधार में एक व्यक्ति को पकड़ लिया। ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट में उस व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पु अंसारी के रूप में हुई।
अनुसंधान के क्रम में यह भी सामने आया है कि मृतक पप्पु अंसारी, पिता स्वर्गीय सराजुद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम रानीपुर, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा, पूर्व में कई बार मवेशी चोरी और तस्करी के मामलों में जेल जा चुका था।
पुलिस ने बताया कि इस कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
