मध्य प्रदेश: सरकारी हॉस्टल से गायब हो गईं 5 छात्राएं, नोटबुक में मिला चौंकाने वाला मैसेज

17th August 2025


उलगुलान डेस्क

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के एक सरकारी बालिका छात्रावास से पांच छात्राओं के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। ये सभी छात्राएं कक्षा 8 की हैं और नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स हॉस्टल, गिंजरी क्षेत्र में रह रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

छात्रावास की सहायक वार्डन सारिका शर्मा ने बताया कि शनिवार की रात छात्राएं जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। रात का भोजन करने के बाद वे अपने कमरे में सोने चली गईं, लेकिन अगली सुबह जब वे नाश्ते के लिए नहीं आईं, तो खोजबीन शुरू की गई। तब पता चला कि वे हॉस्टल से गायब हैं।

उमरिया की पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने मीडिया को बताया कि छात्राओं की तलाश जारी है और मामले की तह तक जाने के लिए SIT सक्रिय रूप से काम कर रही है। जांच के दौरान एक छात्रा की कॉपी से एक नोट मिला है, जिसमें लिखा था: “मैं कुछ बनना चाहती हूं, मैं कमाना और खाना चाहती हूं, इसलिए मैं जा रही हूं।”

पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और सभी प्रमुख स्थानों जैसे बस स्टैंड व रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस बीच, लापता छात्राओं के परिजनों ने हॉस्टल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हॉस्टल का गेट टूटा हुआ था, चारदीवारी नहीं थी और सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे।

पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *