PATNA
नालंदा के शीतला मंदिर में हुई दर्दनाक भगदड़ के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस हादसे में 8 महिलाओं सहित कुल 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
प्रारंभिक जांच में भीड़ नियंत्रण में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद दीपनगर थाना प्रभारी राजमणि सहित चार अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में कमी और भीड़ प्रबंधन की विफलता इस हादसे का मुख्य कारण बनी।
अवैध दुकानों से संकरा हुआ रास्ता
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मंदिर परिसर में अवैध रूप से दुकानें लगाई गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं के आने-जाने का रास्ता काफी संकरा हो गया था। भारी भीड़ के बीच रास्ता बाधित होने से स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
पंडा समिति के खिलाफ केस, गिरफ्तारियां शुरू
मामले में पुलिस ने पंडा समिति के करीब 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान कर रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
