RANCHI
रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाम ढीपा टोली रिंग रोड पर ट्रक और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भारी वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसके कारण आमने-सामने की टक्कर बेहद खतरनाक साबित हुई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया।
