धनबाद MLA राज सिन्हा की अनिश्चितकालीन हड़ताल से प्रशासन बैकफुट पर, जनता की जीत पर आंदोलन टाला गया

2nd December 2025

Dhanbad

धनबाद शहर की जर्जर सड़कों, नालियों के निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में गंभीर लापरवाही के विरोध में भाजपा विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने 1 दिसंबर से धनबाद नगर निगम के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।
धरना रातभर भी जारी रहा और ठंड के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता उनके साथ मौके पर डटे रहे।

धरने के दूसरे दिन प्रभावित वार्डों के लोगों, आमजन और भाजपा महानगर व ग्रामीण जिला के सभी मंडलों के हजारों कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व समर्थन मिला। जनसमर्थन बढ़ने के साथ आंदोलन और प्रभावशाली हो गया। कई सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी पहुंचकर साथ दिया।

भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश ने आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति—पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम और पूर्व मंत्री अपर्णा सेन गुप्ता—को धनबाद भेजा। समिति ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया और विधायक राज सिन्हा के साथ बैठे।

जनदबाव और विधायक की दृढ़ता के आगे अंततः नगर निगम प्रशासन को झुकना पड़ा।
शाम में नगर आयुक्त रविराज शर्मा, उप नगर आयुक्त प्रकाश कुमार और अभियंताओं की टीम धरना स्थल पहुंचे और विधायक की सभी प्रमुख मांगों को लिखित रूप से मान लिया। लिखित आश्वासन मिलते ही विधायक राज सिन्हा ने धरना स्थगित किया और इसे जनता की जीत बताया। विधायक राज सिन्हा का यह आंदोलन धनबाद के लिए एक महत्वपूर्ण जन-संघर्ष के रूप में दर्ज हुआ।

विधायक राज सिन्हा का वक्तव्य

विधायक एवं विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने आंदोलन की सफलता पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व, महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, सभी मंडल अध्यक्षों, सामाजिक संगठनों और आम जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा—

“धनबाद के विकास, सड़कों की मरम्मत, नालियों और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कोई एहसान नहीं—यह जनता के टैक्स का अधिकार है। मैं जनता का प्रतिनिधि हूँ और उनके हक पर किसी भी तरह की उदासीनता बर्दाश्त नहीं करूंगा। यदि नगर निगम समय पर काम पूरा नहीं करता, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। यह लड़ाई जनता की है, जनता के लिए है और जनता के साथ मिलकर ही लड़ी जाएगी।”

अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाएँ

अमर बाउरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री
“प्रदेश नेतृत्व का निर्णय स्पष्ट है—हम विधायक राज सिन्हा के जनहित के आंदोलन के साथ हैं। जरूरत पड़ी तो इसे राज्यव्यापी आंदोलन बनाया जाएगा। छह वर्षों से एसीबी जांच के नाम पर धनबाद की जनता परेशान है। नगर निगम की लापरवाही अस्वीकार्य है।”

विकास प्रीतम, प्रदेश उपाध्यक्ष
“विकास बाधित करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। भाजपा जन-समस्याओं पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को तैयार है।”

अपर्णा सेन गुप्ता, पूर्व मंत्री
“जनता की समस्याओं पर केवल भाजपा ही सड़क से लेकर प्रशासन तक जवाब मांगने का साहस रखती है। विकास कार्यों में देरी अब और नहीं चलेगी।”

श्रवण राय, भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष
“महानगर की जनता ने रिकॉर्ड समर्थन देकर साफ संदेश दिया है कि अब सिर्फ और सिर्फ विकास चाहिए। भाजपा जनता के साथ खड़ी है।”

घनश्याम ग्रोवर, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष
“ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें और सुविधाएँ भी बदहाली की शिकार हैं। यह आंदोलन जनसमर्थन की ताकत दिखाता है। झारखंड में अफसरशाही चरम पर है—इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *