सुरक्षा बंदोबस्त बना वजह, तीन घंटे इंतजार के बाद लोगों में फूटा गुस्सा
NALANDA
सीएम नीतीश कुमार के नालंदा दौरे के दौरान आज राजगीर में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते श्रद्धालुओं को करीब तीन घंटे तक रोके जाने से लोगों में नाराजगी फैल गई।
मुख्यमंत्री नवादा के मोतनाजे हेलीपैड पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से राजगीर पहुंचे। यहां उन्होंने गिरियक स्थित ‘गंगाजी राजगृह जलाशय’ का निरीक्षण किया। दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और कई रास्तों पर आवाजाही नियंत्रित कर दी गई थी।
इसी दौरान महादेव स्थान से ब्रह्मकुंड में जलभरी करने जा रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब तीन घंटे तक लोगों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिली। इंतजार लंबा होने पर श्रद्धालुओं में असंतोष दिखाई दिया।
नाराज लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जनता ने चुना है और ऐसे में आम लोगों को धार्मिक कार्यक्रम में जाने से रोकना ठीक नहीं है।
हालांकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को अनिवार्य बताते हुए कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने की बात कही गई। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
