सीएम हेमंत को संथाली संस्कृति के महापर्व पारसी माहा में आने का न्यौता, संथाली लेखक संघ व जाहेरथान कमेटी ने की मुलाकात

RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन और जाहेरथान कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 29 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर के दिशोम जाहेर, करनडीह में आयोजित होने वाले 22वें संथाली “पारसी माहा” और ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन संथाली भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक पहचान के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। ओल चिकी लिपि के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह आदिवासी समाज की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संथाली भाषा व संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड की आदिवासी भाषाएं और परंपराएं राज्य की आत्मा हैं और इन्हें आगे बढ़ाने वाले हर प्रयास को सरकार का समर्थन मिलता रहेगा।

इस अवसर पर ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र नाथ मुर्मू, सहायक महासचिव मानसिंह मांझी, जाहेरथान कमेटी के कार्यकारी सदस्य सागेन हंसदा और शंकर हेंब्रम उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को समारोह की विस्तृत जानकारी भी दी और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *