Ranchi
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले जितेंद्र सिंह को डेटा चोरी और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गढ़वा निवासी जितेंद्र सिंह पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि वह पंचायत सचिवालय से डेटा चोरी करने के मामले में संलिप्त रहा है।
इसके अलावा आरोपी पर फर्जी मोबाइल एप तैयार कर जाली आधार कार्ड, मृत्यु प्रमाणपत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज बनाने का आरोप है। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस नेटवर्क के जरिए सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर की कोशिश की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पहले भी धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी जमीन कागजात तैयार कर जमीन कब्जाने जैसे मामलों में जेल जा चुका है। मुंबई पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
