बजट 2026: सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को सपोर्ट, 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में बनेंगे क्रिएटर लैब्स

NEW DELHI

 
केंद्रीय बजट 2026 में कंटेंट क्रियेटर्स के लिए बड़ी घोषणा की गई है। केंद्र सरकार ने उभरती डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए देशभर के 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित करने का ऐलान किया है।

सरकार की इस पहल से कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काम करने वाले युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वित्त मंत्री ने बताया कि इन लैब्स की स्थापना में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

इन कंटेंट क्रिएटर लैब्स में छात्रों को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, वीडियो प्रोडक्शन, गेम डिजाइन, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और एडवांस्ड मीडिया टूल्स की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों को शुरुआती स्तर से ही प्रोफेशनल कंटेंट क्रिएशन के लिए तैयार करना है।

सरकार के अनुसार आने वाले वर्षों में AVGC सेक्टर का तेजी से विस्तार होगा। अनुमान है कि 2030 तक इस क्षेत्र में लगभग 20 लाख कुशल पेशेवरों की जरूरत पड़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्किल डेवलपमेंट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने का निर्णय लिया गया है।

कंटेंट क्रिएटर लैब्स के जरिए युवाओं को आधुनिक तकनीक और इंडस्ट्री-रेडी ट्रेनिंग मिलेगी। इससे न सिर्फ रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, बल्कि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट क्रिएशन को एक मजबूत करियर विकल्प के रूप में भी अपना सकेंगे। यह पहल खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए गेमचेंजर मानी जा रही है।

Content Creators, AVGC Sector, Digital Skills, Creative Economy, Budget 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *