नेशनल हेराल्ड केस में ED का आरोप पत्र खारिज होने पर कांग्रेस ने BJP को घेरा, भाजपा मुख्यालय के सामने प्रदर्शन

केशव महतो कमलेश बोले- एजेंसियों का दुरुपयोग बेनकाब

RANCHI

नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की ओर से दाखिल आरोप पत्र को खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में भाजपा मुख्यालय के सामने किया गया।

इससे पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा हरमू मैदान में हुआ, जहां से विरोध मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना एफआईआर के केंद्रीय एजेंसियों का घोर दुरुपयोग किया। ईडी के सहारे सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ झूठा मामला गढ़ने की कोशिश की गई और कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास हुआ, लेकिन न्यायालय ने आरोप पत्र खारिज कर संविधान और न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा की।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार ईडी और सीबीआई के जरिए विपक्षी दलों और गैर-भाजपा शासित राज्यों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को डराने का काम कर रही है। दमनात्मक कार्रवाई अब अपनी सभी सीमाएं पार कर चुकी है और न्यायालय के फैसले ने भाजपा और केंद्र सरकार को देश की जनता के सामने बेनकाब कर दिया है।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह एक दुर्लभ मामला है, जिसमें न तो किसी तरह का धन लेनदेन हुआ और न ही किसी संपत्ति का स्थानांतरण, इसके बावजूद मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी से घंटों पूछताछ कर मानसिक उत्पीड़न किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह संभवतः देश का एकमात्र पीएमएलए मामला है, जो किसी व्यक्ति की आपराधिक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने न्यायालय के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सीरीबेला प्रसाद, कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *