New Delhi
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने MGNREGA बचाओ संग्राम के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी और मार्गदर्शन के लिए एक समन्वय समिति (Coordination Committee) का गठन किया है। यह समिति तत्काल प्रभाव से काम करेगी। इसकी जानकारी AICC के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से 4 जनवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर गठित इस कोऑर्डिनेशन कमेटी के संयोजक अजय माकन को बनाया गया है। उनके साथ वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, संदीप दीक्षित, उदित राज, प्रियंक खड़गे, डी. अनसूया सीथक्का, दीपिका पांडेय सिंह, सुनील पंवार और मनीष शर्मा को समिति का सदस्य बनाया गया है।
प्रेस रिलीज में बताया गया है कि इस समिति का मुख्य उद्देश्य MGNREGA बचाओ संग्राम के तहत पार्टी की रणनीति को ज़मीनी स्तर पर लागू करना, उसकी निगरानी करना और पूरे अभियान को दिशा देना होगा। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि मनरेगा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाए और संगठनात्मक स्तर पर समन्वय बना रहे।
इसके साथ ही कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के प्रमुख, AICC के ओबीसी, एससी, अल्पसंख्यक, आदिवासी कांग्रेस विभागों के अध्यक्ष और किसान कांग्रेस के चेयरपर्सन भी इस कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य होंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस व्यापक संरचना से MGNREGA बचाओ संग्राम को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस की ओर से यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और पार्टी इसे एक बड़े जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
