मिडिल ईस्ट तनाव का असर भारत पर, गैस सिलेंडर महंगा होने से बढ़ेगी आम लोगों की परेशानी
NEW DELHI
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी की गई है। महीने की पहली तारीख से 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 194 रुपये से लेकर 220 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 2078.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 2031 रुपये हो गई है। कोलकाता में 2208 रुपये और चेन्नई में 2246.50 रुपये हो गई है। झारखंड की राजधानी रांची में भी 220 रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह 2258 रुपये में मिल रहा है।
हालांकि इस बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत जरूर मिली है। इससे पहले मार्च महीने में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में कीमत 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और मुंबई में 912.50 रुपये हो गई थी।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे फूड कारोबारियों पर पड़ेगा। उनकी लागत बढ़ेगी, जिसका असर ग्राहकों पर भी दिखेगा। आने वाले दिनों में बाहर खाना महंगा हो सकता है। छोटे व्यापारियों के लिए यह बढ़ोतरी मुनाफे पर दबाव बढ़ाने वाली साबित होगी।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के चलते वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसी का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
