RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय में राज्य सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के बीच राज्य सरकार के कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन खाता पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और आर्थिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एमओयू राज्य कर्मियों के लिए एक अहम पहल है, जिसके तहत नौकरी के दौरान मिलने वाले वेतन, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में वित्तीय सहायता सुनिश्चित होगी। उन्होंने इसे राज्य कर्मियों के कल्याण की दिशा में निर्णायक कदम बताया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में बैंकों की भूमिका बेहद अहम है और आने वाले समय में यह भूमिका और मजबूत होगी।
राज्य के समावेशी विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया से सरकार के विकास सहयोगी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की और उम्मीद जताई कि अन्य बैंक भी इस पहल से जुड़ेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृत जेबीवीएनएल कर्मी प्रमोद लकड़ा की पत्नी मंजू लकड़ा को गवर्नमेंट सैलरी पैकेज के तहत 50 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
एमओयू पर राज्य सरकार की ओर से वित्त विभाग के विशेष सचिव संदीप सिंह और बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक (रांची अंचल) संजीव कुमार ने हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और अनुबंध कर्मियों को एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा (हवाई दुर्घटना में दो करोड़ रुपये) सहित कई बैंकिंग सुविधाएं बिना अतिरिक्त शुल्क के मिलेंगी।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुब्रत कुमार, जीएम गुरु प्रसाद गौंड समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
