प्रदूषण फैला रहा है रामगढ़ का आलोक इंडस्ट्री, सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट का संज्ञान लेकर दिये जांच के आदेश





रामगढ़ की फैक्ट्री पर गंभीर आरोप, वीडियो वायरल होते ही डीसी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश



RANCHI

रामगढ़ स्थित आलोक इंडस्ट्री पर प्रदूषण फैलाने के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने ट्वीट कर रामगढ़ के उपायुक्त को तत्काल मामले की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करने और इसकी सूचना देने का निर्देश दिया है।

मामला तब सामने आया जब रामगढ़ के सुरेंद्र नामक युवक ने एक वीडियो बनाया, जिसमें दिखाया गया कि आलोक इंडस्ट्री के आसपास झाड़ियों और पेड़-पौधों पर भारी मात्रा में राख जमी हुई है। वीडियो में राख को उड़ाकर यह भी दिखाया गया कि किस तरह फैक्ट्री के आसपास का इलाका प्रदूषण से प्रभावित हो रहा है।

यह वीडियो अशोक दानोदा नामक एक्स अकाउंट से पोस्ट किया गया था, जिसे मुख्यमंत्री ने री-ट्वीट करते हुए साफ शब्दों में लिखा कि यह स्थिति बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है। इसके बाद जिला प्रशासन की भूमिका और संभावित कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ जिले में कई औद्योगिक इकाइयों पर पहले भी प्रदूषण फैलाने और मजदूरों के शोषण के आरोप लगते रहे हैं। इन फैक्ट्रियों के कारण रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो के कुछ इलाकों में अवैध कोयला खनन और कारोबार के पनपने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। अब देखना यह है कि रामगढ़ जिला प्रशासन इस पूरे मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *