डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आदेश जारी, कक्षा 7 से 12 की पढ़ाई 10 बजे से
RANCHI
भारी ठंड और शीतलहरी की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले में KG से कक्षा 6 तक की कक्षाओं को 12 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है। यह आदेश उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक ठंड और शीतलहरी की स्थिति बनी रहने की संभावना है। रांची जिले को येलो जोन में रखते हुए चेतावनी जारी की गई है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन यह निर्णय लिया है।
छात्रों की स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत रांची जिले के सभी निजी विद्यालयों में यह व्यवस्था लागू की गई है। आदेश के अनुसार KG से कक्षा 6 तक की सभी कक्षाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी।
वहीं कक्षा 7 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूर्वाह्न 10:00 बजे से संचालित की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी। जिला प्रशासन ने सभी निजी विद्यालयों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि के दौरान किसी विद्यालय में परीक्षा निर्धारित है, तो उसका संचालन विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से कर सकता है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों, छात्रों और विद्यालय प्रबंधन से ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।
