जामताड़ा निकाय चुनाव: आशा गुप्ता का ‘विकसित जामताड़ा’ विजन डॉक्यूमेंट जारी, विपक्ष पर उठाए सवाल

JAMTARA


नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को जामताड़ा की नगर अध्यक्ष प्रत्याशी आशा गुप्ता ने अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर ‘विकसित जामताड़ा’ का संकल्प पत्र जारी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता मोहनलाल बर्मन ने की। मौके पर आशा गुप्ता सहित दर्जनों समर्थक उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अधिवक्ता मोहनलाल बर्मन ने कहा कि जामताड़ा में अब बदलाव की बयार बह चुकी है और परिवर्तन होकर रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित लोग नगर चुनाव को दलीय आधार पर लड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह चुनाव सिंबल और बैलेट पेपर के माध्यम से हो रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ स्वयंभू नेता अपने आप को बड़े दलों का प्रतिनिधि बताकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष प्रत्याशी आशा गुप्ता ने अपना विस्तृत संकल्प पत्र मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता जामताड़ा को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।

संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदुओं में जीपीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था, नगर के 16 वार्डों में एंबुलेंस सुविधा, प्रत्येक वार्ड में 150 सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना और अंबेडकर पुस्तकालय की स्थापना सहित अन्य लाभ दायक घोषणा शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *