JAMSHEDPUR
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन ने आशियाना मोड को ई.एस.आई.सी. अस्पताल से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग से अस्पताल तक आवागमन सुगम होगा और मरीजों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से ई.एस.आई.सी. अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों की परेशानी दूर होगी। उन्होंने बताया कि उनके मुख्यमंत्रित्व काल में स्वीकृत कई विकास योजनाओं पर सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में लगातार काम हुआ है। इसी कड़ी में आदित्यपुर इलाके में बीते कुछ महीनों के दौरान सड़कों का बेहतर नेटवर्क तैयार किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के कारण यह सड़क पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था फिर से सुचारु होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, बबलू नाथ सोरेन, निवर्तमान पार्षद नीलपदमा विश्वास, निवर्तमान पार्षद जुली महतो, रंजीत प्रधान, परमेश्वर प्रधान, राजेंद्र गोप, बुबई शर्मा, सुभाष करूआ, विजय पारीक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
