JAMSHEDPUR
जहां एक ओर झारखंड भाजपा के नेता नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और ‘झारखंड टाइगर’ के नाम से चर्चित चम्पाई सोरेन बंगाल चुनावों को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक वे सीमावर्ती और आदिवासी बहुल इलाकों में लगातार बैठकों के जरिए संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि वे भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के प्रमुख लोगों से मुलाकात कर उन्हें चुनावी रणनीति के तहत एकजुट कर रहे हैं। इसी क्रम में झाड़ग्राम से बबलू मुर्मू के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की और क्षेत्रीय समीकरणों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान चम्पाई सोरेन ने टीएमसी सरकार पर आदिवासी विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से आदिवासी समाज को संगठित व जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंगाल में बदलाव तय है और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। इस टास्क के तहत आदिवासी बहुल सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दिया जा रहा है। बंगाल चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
