15 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति, 2015 बैच आवंटित; कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना
Ranchi
झारखंड के प्रशासनिक महकमे के लिए बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने झारखंड राज्य सिविल सेवा के 15 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति दे दी है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। बताया गया है कि यह चयन सूची वर्ष 2024 के लिए तैयार की गई है और चयनित सभी अधिकारियों को झारखंड कैडर में आईएएस अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन
जारी अधिसूचना के अनुसार जिन अधिकारियों को आईएएस में पदोन्नति दी गई है, उनमें दिलेश्वर महतो, इश्तेयाक अहमद, बिद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, नयनतारा केरकेट्टा, अरुण कुमार सिंह, आलोक शिकारी कच्छप, अनिलसन लकड़ा, नागेंद्र पासवान, सुबोध कुमार, आसिफ एकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली और अर्चना मेहता शामिल हैं।
कैडर नियम 1954 के तहत नियुक्ति
अधिसूचना में बताया गया है कि इन नियुक्तियों को झारखंड सरकार से परामर्श के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा (कैडर) नियम, 1954 के तहत मंजूरी दी गई है। पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों को फिलहाल अगले आदेश तक प्रोबेशन पर रखा जाएगा।
कोर्ट के फैसले पर भी नजर
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन नियुक्तियों पर डब्ल्यूपी (एस) संख्या 2565/2024 में लंबित मामले के अंतिम निर्णय का प्रभाव पड़ सकता है। यह याचिका राधेश्याम प्रसाद द्वारा दायर की गई है।
सूत्रों के अनुसार आईएएस में पदोन्नत किए गए सभी 15 अधिकारियों को 2015 बैच आवंटित किया जाएगा। इस निर्णय के बाद राज्य के प्रशासनिक ढांचे में नए सिरे से ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
