रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार: CBI का बड़ा एक्शन, घूसकांड में लेफ्टिनेंट कर्नल गिरफ्तार




New Delhi

सीबीआई ने घूसखोरी के गंभीर आरोपों में लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और एक निजी व्यक्ति विनोद कुमार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कर्नल के दिल्ली स्थित आवास से 2.26 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं, जिसमें घूस की तीन लाख रुपये की रकम भी शामिल बताई गई है।

सीबीआई के अनुसार, कर्नल दीपक शर्मा रक्षा उत्पादों और निर्यात से जुड़ी एक दुबई स्थित कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत ले रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की। इस मामले में कर्नल दीपक शर्मा (उप योजना अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं निर्यात, रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा मंत्रालय), उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली (कमांडिंग ऑफिसर, 16 इन्फैंट्री डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट, श्रीगंगानगर) सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

जांच में सामने आया कि कंपनी के निर्देश पर विनोद कुमार ने 18 दिसंबर को कर्नल शर्मा को तीन लाख रुपये की घूस दी थी। इसके बाद 20 दिसंबर को सीबीआई ने दिल्ली और श्रीगंगानगर सहित बेंगलुरु में कंपनी से जुड़े ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान दिल्ली स्थित आवास से 2.26 करोड़ रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए, जबकि गंगानगर स्थित ठिकानों से 10 लाख रुपये नकद मिलने की पुष्टि हुई है।

छापेमारी के बाद सीबीआई ने कर्नल दीपक शर्मा और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने सीबीआई के अनुरोध पर दोनों आरोपियों को 23 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। फिलहाल सीबीआई रिमांड के दौरान पूरे नेटवर्क और लेनदेन की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *