ब्रेक फेल होने से दर्दनाक रोड एक्सीडेंट, निर्माणाधीन मकान से टकराकर पलटी बस, 5 की गई जान

Simdega/Kunkuri 

झारखंड के सिमडेगा से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही एक यात्री बस शुक्रवार सुबह बड़ा हादसे का शिकार हो गई। जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास बस के पलट जाने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार अनमोल बस (CG-14G-0263) सुबह सिमडेगा के कुरडेग से कुनकुरी के लिए रवाना हुई थी। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। सुबह करीब 9:45 बजे जब बस जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र में गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए

बस में बैठे यात्रियों के मुताबिक, एक यात्री ने चालक से गाड़ी रोकने को कहा, तभी कंडक्टर ने जोर से चिल्लाकर बताया कि ब्रेक फेल हो गए हैं।” यह सुनते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही क्षण बाद अनियंत्रित बस सड़क किनारे स्थित सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास से टकरा कर पलट गई।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। गोड़ाअंबा गांव के दिगंबर यादव ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव के साथ मिलकर प्रशासन को सूचना दी और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से पलटी बस को हटाकर फंसे यात्रियों को निकाला गया।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने तीन एंबुलेंस मौके पर भेजीं। घायलों को तुरंत कुनकुरी अस्पताल समेत अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। करीब 11 बजे एसडीएम नंदजी पांडे और एसडीपीओ विनोद मंडावी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। प्रशासनिक वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कुनकुरी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. के. कुजूर के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-पुत्र भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान मकरीबंधा निवासी महेश राम (45) और उनकी पत्नी बिमला (42), सिमडेगा की संपति देवी (52), ढोढ़ी निवासी डिगेश्वर (40) और उनके पांच महीने के बेटे घनश्याम के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय भी कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज तथा सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *