आंगनबाड़ी निरीक्षण: DC की मौजूदगी में भिड़े कांग्रेस और बीजेपी नेता, जनता बनी तमाशबीन

13th December 2025



GARHWA

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में आंगनबाड़ी और दाल-भात केंद्र के निरीक्षण के दौरान उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेता आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी बहस हुई और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और बहस को लेकर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं को “छुटभैया नेता” तक कह दिया, वहीं कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं को वेंडर से जुड़े मुद्दों को लेकर घेरा। दोनों ओर से तीखी बहस और आरोपों का दौर चलता रहा, जिस पर वहां मौजूद लोगों की भी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

गौरतलब है कि इससे पहले भी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो गढ़वा दौरे पर आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि कई जगहों पर आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहने के बावजूद सरकारी राशि की अवैध निकासी की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी पहले से ही जारी थी।

दरअसल, रंका प्रखंड कार्यालय स्थित दाल-भात केंद्र के बंद रहने की शिकायत गढ़वा के उपायुक्त को मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि केंद्र बंद होने के बावजूद यहां से राशि की निकासी की जा रही है। इसी के बाद उपायुक्त दिनेश यादव आज रंका प्रखंड पहुंचे और संबंधित केंद्र सहित अन्य योजनाओं का निरीक्षण किया।

उपायुक्त दिनेश यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जांच की गई थी, जिसमें अनियमितता की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान केंद्र खुला पाया गया है, लेकिन पूरे मामले की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *