RANCHI
भाजपा नेता एवं विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड को पत्र लिखकर देवघर नगर निगम मेयर चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने विशेष रूप से चौथे और पांचवें राउंड की मतगणना को दोबारा कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि 27 फरवरी 2026 को निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान देवघर नगर निगम मेयर पद की गिनती में भारी अनियमितता की गई है। आरोप है कि प्रशासनिक पदाधिकारी सरकार के इशारे पर सत्तारूढ़ दल समर्थित प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया है कि चौथे और पांचवें राउंड की मतगणना में गंभीर गड़बड़ी हुई है, जिसके कारण इन दोनों राउंड की पुनर्गणना आवश्यक हो गई है। इस संबंध में शिकायत देवघर नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर और जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भी दी गई है, लेकिन अब तक दोबारा गिनती के आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
सुधीर श्रीवास्तव ने आयोग से तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को चौथे और पांचवें राउंड की मतगणना दोबारा कराने का निर्देश देने की मांग की है। अब देखना है कि आयोग इस शिकायत पर क्या निर्णय लेता है।
