Ranchi
झारखंड निर्माता एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बूथ स्तर तक श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की तथा उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के चार विधानसभा क्षेत्रों—डाल्टनगंज, भवनाथपुर, सिमरिया और बरही—में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों में अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रनिर्माण, सुशासन और झारखंड राज्य गठन में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन वृत्त पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने किया। इस अवसर पर अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
झारखंड विधानसभा परिसर में भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के महान व्यक्तित्व थे। वे एक कुशल संगठनकर्ता और सुशासन के सशक्त प्रतीक रहे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, संवाद और संवेदनशीलता की परंपरा स्थापित की, जो आज भी प्रासंगिक है। अटल जी के विचार भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इस ऐतिहासिक निर्णय से आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज को पहचान और अधिकार मिला। अटल जी का जीवन और कृतित्व भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में सुनीता सिंह, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप, अशोक बड़ाईक, रमाकांत महतो, अविनेश सिंह, आरती सिंह, संदीप वर्मा, शोभा यादव, निशि जायसवाल, अरुण झा, सुनील साहू, बबीता वर्मा, लक्ष्मी चंद्र दीक्षित, इंद्रजीत यादव, विशाल साहू, सीपी सिंह, यदुनाथ पांडेय, वरुण साहू, राकेश भाष्कर, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, रोमित नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और झारखंड निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
