केरल में वोट के बदले नोट? BJP प्रत्याशी पर कांग्रेस का सनसनीखेज आरोप, वीडियो से मचा सियासी तूफान

CENTRAL DESK

केरल में भाजपा प्रत्याशी शोभा सुरेंद्रन पर वोट के लिए नोट बांटने का आरोप लगा है। कांग्रेस ने एक वीडियो जारी कर सुरेंद्रन पर ये गंभीर आरोप लगाया है। इससे भाजपा की पालक्काड उम्मीदवार शोभा सुरेंद्रन विवादों में घिर गईं हैं। इस वीडियो में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ता वोट के बदले कैश देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा वायरल किये गये इस वीडियो में एक महिला दिखाई दे रही है जो कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ता है। वह एक बुजुर्ग महिला को कुछ देती है और फिर जल्दी से वहां से चली जाती है। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ता पर वोट के बदले पैसे देने का आरोप लगाया और उस बुजुर्ग महिला की एक तस्वीर भी जारी की, जिसमें वह कथित तौर पर मिले रुपये को हाथ में पकड़े हुए दिखाई दे रही है।

केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) के पालक्काड जिला अध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को तब देखा, जब वे पास के ही एक घर में गए थे, जहां कुछ दिन पहले ही किसी की मौत हुई थी। उन्होंने कहा, “हमने उनसे कहा कि उन्हें वोट मांगने के लिए किसी भी घर में जाने का अधिकार है, लेकिन इस समय वोट के बदले पैसे देना सही नहीं है। यहीं से यह विवाद शुरू हुआ।”

हालांकि भाजपा ने इन आरोपों से इनकार किया है।

इस बीच, शोभा सुरेंद्रन ने इस कदम को अपने खिलाफ एक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, “क्या आप मुझसे यह उम्मीद करते हैं कि जब कोई युवक मेरे साथ यौन उत्पीड़न जैसा गलत व्यवहार करे, जबकि मैं शायद उसकी अपनी मां की उम्र की हूं, तो भी मैं कोई प्रतिक्रिया न दूं?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था, जिसके चलते ये साजिश रची गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस युवक ने जिसकी पहचान विनेश सरगा के रूप में हुई है, के खिलाफ पुलिस में पहले से ही मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *