T20 World Cup BREAKING: भारत में खेलने से पीछे हटा बांग्लादेश, मैच श्रीलंका कराने की आधिकारिक मांग

Sport desk

टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप मैचों में खेलने से इनकार करने का फैसला किया है। बीसीबी का यह रुख भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उस निर्देश के बाद सामने आया है, जिसके तहत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) से बाहर कर दिया गया।

बीसीबी ने इस फैसले के पीछे खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इतना ही नहीं, बांग्लादेश के खेल मंत्रालय ने भी बीसीबी को निर्देश दिया है कि वह आईसीसी से औपचारिक रूप से अनुरोध करे कि बांग्लादेश टीम के टी-20 वर्ल्ड कप के लीग मैचों को भारत से हटाकर श्रीलंका में आयोजित कराया जाए। बांग्लादेश के कुल चार लीग मैच भारत में होने हैं, जिनमें से तीन कोलकाता और एक मुंबई में प्रस्तावित हैं।

बताया जा रहा है कि शाहरुख खान की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में आईपीएल 2026 के लिए खरीदा था। हालांकि, बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के बाद भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का विरोध तेज हो गया। इसी माहौल के बीच बीसीसीआई ने केकेआर को निर्देश दिया कि मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किया जाए।

इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और सरकार दोनों ने इसे खिलाड़ियों की सुरक्षा से जोड़कर देखा है। इसके साथ ही बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर भी रोक लगाने की तैयारी की जा रही है, जिससे दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में और तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

गौरतलब है कि मौजूदा समय में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रमुख जय शाह हैं, जो भारत के गृह मंत्री अमित शाह के बेटे हैं। इसी पृष्ठभूमि में बांग्लादेश का यह कदम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक संवेदनशील मुद्दे के तौर पर देखा जा रहा है।

बांग्लादेश सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने इस पूरे मामले पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखी है। उन्होंने फेसबुक पर बंगाली भाषा में लिखा कि खेल मंत्रालय के प्रभारी सलाहकार के तौर पर उन्होंने क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को निर्देश दिया है कि वह पूरे मामले को लिखित रूप में आईसीसी के सामने रखे। उन्होंने कहा कि अगर किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी को अनुबंध होने के बावजूद भारत में खेलने की अनुमति नहीं मिलती, तो बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम भी भारत जाकर वर्ल्ड कप खेलने में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती।

आसिफ नजरुल ने यह भी स्पष्ट किया कि बीसीबी को औपचारिक तौर पर आईसीसी से अनुरोध करना चाहिए कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएं। इस घटनाक्रम के बाद टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर आईसीसी, बीसीसीआई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव और बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *