औरंगाबाद में पुलिस टीम पर हमला, 2 ASI समेत 4 जवान घायल; जानिये पूरा मामला  


Aurangabad


कासमा थाना क्षेत्र के ढोल गांव में शनिवार को सरकारी नली-गली निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। इस घटना में दो एएसआई समेत कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन के माध्यम से गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कासमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

घटना में घायल एएसआई अरुण कुमार और इंद्रदेव कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज में कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

इस मामले में कासमा थाना में कांड संख्या 148/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बृजकिशोर कुमार, ललिता देवी, रिंकी देवी, गुड़िया कुमारी और पूजा कुमारी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी के डर से गांव के कई लोग फरार बताए जा रहे हैं। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *