दिन-दहाड़े बैंक डकैती से सनसनी, स्टाफ और ग्राहकों को बंधक बनाकर 15 लाख लेकर भागे बदमाश


Baharagora (East Singhbhum)

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित साकरा में मंगलवार को दिन-दहाड़े केनरा बैंक की शाखा में हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया और सभी के मोबाइल फोन भी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।

1:45 बजे बैंक में घुसे 5 से 6 लुटेरे

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1:40 से 1:45 बजे के बीच 5 से 6 लुटेरे बैंक पहुंचे। उनके पास देसी कट्टा और कटारी जैसे हथियार थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाते हुए सभी को एक जगह बैठा दिया। इसके बाद कैश काउंटर से करीब 7 लाख और लॉकरनुमा कैश स्टोरेज से करीब 8 लाख रुपये निकाल लिए।

लुटेरों ने सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली। अपराधियों ने कर्मचारियों को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी। बैंक के अंदर चार लुटेरे मौजूद थे, जबकि दो लुटेरे बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।

स्टाफ और ग्राहकों को बनाया बंधक

घटना के समय बैंक में करीब 6 से 7 ग्राहक भी मौजूद थे। सभी के मोबाइल फोन छीन लिए गए और सभी को बंधक बनाकर रखा गया। करीब 10 से 15 मिनट तक लुटेरे बैंक के अंदर रहे और आराम से लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद अपराधियों ने बाहर से ताला लगाकर सभी को अंदर बंद कर दिया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कटर की मदद से मुख्य गेट का ताला काटकर सभी लोगों को मुक्त कराया।

साकरा चौक होते हुए बाइक से फरार

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल से साकरा चौक होते हुए चित्रेश्वर रोड की ओर भाग निकले। बताया जा रहा है कि लुटेरे बैंक कर्मचारियों से हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि आपस में बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे।

भागने के दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन साकरा चौक के पास खेतों में फेंक दिए और वहां से पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए।

शाखा प्रबंधक की सूझबूझ से बची CCTV हार्ड डिस्क

घटना के दौरान एक लुटेरा शाखा प्रबंधक नानाजी राव को बंदूक की नोक पर उनके चैंबर में ले गया और सीसीटीवी फुटेज की हार्डडिस्क के बारे में पूछने लगा। इस दौरान शाखा प्रबंधक ने चालाकी दिखाते हुए इंटरनेट बॉक्स की ओर इशारा कर दिया।

लुटेरे तार काटकर इंटरनेट बॉक्स को अपने साथ ले गए, जबकि सीसीटीवी की हार्ड डिस्क सुरक्षित रह गई। अब पुलिस इसी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

बैंक में नहीं था सिक्योरिटी गार्ड

बताया जाता है कि गांव के अंदर स्थित इस बैंक शाखा में प्रतिदिन करीब 60 से 100 ग्राहक लेनदेन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यहां सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं थी। इसी कारण लुटेरों को वारदात को अंजाम देने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला के डीएसपी अजीत कुमार कुजूर मौके पर पहुंचे और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की। डीएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *