सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में एक और माओवादी ढेर

ऑपरेशन मेगाबुरु के तहत अब तक 16 माओवादी मारे गए, सर्च ऑपरेशन जारी

Saranda

सारंडा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के दौरान एक और माओवादी को मार गिराया गया है। इलाके में पिछले 36 घंटे से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मारे गए माओवादी की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। राहत की बात यह है कि इस ऑपरेशन के दौरान किसी भी सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

इससे पहले ऑपरेशन ‘मेगाबुरु’ के तहत कोबरा बटालियन-209, झारखंड पुलिस, CRPF और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात माओवादी अनल, अनमोल, अमित मुंडा समेत 15 माओवादियों को ढेर किया था। ताज़ा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 16 माओवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें से 13 की पहचान हो चुकी है।

सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सारंडा व उससे सटे क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी है। मारे गए सभी माओवादियों के शवों को जिला मुख्यालय लाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

यह ऑपरेशन केंद्र सरकार के मार्च 2026 तक नक्सलवाद मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सारंडा लंबे समय तक झारखंड में नक्सलियों का सबसे मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन हालिया कार्रवाइयों से उनकी ताकत काफी कमजोर पड़ती नजर आ रही है।

झारखंड पुलिस के IG (ऑपरेशंस) माइकल राज एस और CRPF IG साकेत कुमार ने ऑपरेशन की सफलता की पुष्टि की है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस कार्रवाई को बड़ी जीत बताते हुए बचे हुए नक्सलियों से सरेंडर कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है और दोहराया है कि 31 मार्च 2026 से पहले माओवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *