Ranchi
आपकी विकास पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को महामहिम राज्यपाल, झारखंड से मुलाकात कर राज्य की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा, नियुक्ति, संवैधानिक कानून और स्थानीय विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो वर्षों से छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं होने के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं JPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को समय पर पूरा करने तथा JPSC में अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की आयु सीमा में छूट देने की भी मांग की गई।
पार्टी ने राज्य में मॉब लिंचिंग के खिलाफ अब तक कानून नहीं बनाए जाने पर चिंता जताई। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़ी नीतियों को पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री के विभागीय आदेश के बावजूद लागू नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन में 543 उर्दू विद्यालयों को सामान्य विद्यालय में परिवर्तित करने के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की गई। इसके अलावा उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद JSSC द्वारा 2016 की उच्च विद्यालय शिक्षक बहाली प्रक्रिया पूरी नहीं किए जाने को गंभीर लापरवाही बताया गया।
कोडरमा के विकास को लेकर भी पार्टी ने राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया। ज्ञापन में कहा गया कि विश्व प्रसिद्ध ‘अभ्रक नगरी’ कोडरमा में खनिज संपदा के समुचित विकास के लिए अब तक किसी विशेष ‘अभ्रक बोर्ड’ का गठन नहीं किया गया है।
इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कहा कि झारखंड का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे इन सभी मुद्दों पर हस्तक्षेप करें, ताकि छात्रों, शिक्षकों और आम जनता को न्याय मिल सके।
