ई-कल्याण छात्रवृत्ति पोर्टल की समस्याओं को लेकर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, पोर्टल पुनः खोलने की मांग

RANCHI

छात्रहित सर्वोपरि मंच, झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने आज आदिवासी कल्याण आयुक्त, रांची को ई-कल्याण छात्रवृत्ति पोर्टल से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से कुणाल पोद्दार (प्रदेश संगठन प्रभारी) एवं शक्ति कुमार शामिल थे।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने विशेष रूप से सत्र 2025-26 के लिए ई-कल्याण छात्रवृत्ति आवेदन पोर्टल को पुनः खोलने की मांग की, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न कारणों से निर्धारित समय सीमा (28 फरवरी 2026) तक आवेदन नहीं कर पाए हैं। वर्तमान में हजारों विद्यार्थी संगठन से संपर्क कर आवेदन के लिए पोर्टल दोबारा खोलने की मांग कर रहे हैं।

इसके साथ ही सत्र 2024-25 के कई विद्यार्थियों के आवेदन DNO Portal पर संबंधित कॉलेज का नाम प्रदर्शित नहीं होने के कारण लंबित हैं, जबकि कॉलेज स्तर पर उनका आवेदन पहले ही Approved / Verified by College हो चुका है। इस तकनीकी समस्या के कारण कई विद्यार्थियों के आवेदन आगे स्वीकृत नहीं हो पा रहे हैं।

संगठन ने आयुक्त महोदय से मांग की है कि ई-कल्याण पोर्टल की तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए तथा सत्र 2025-26 के लिए आवेदन पोर्टल पुनः खोला जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।

प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा ने कहा कि छात्रहित सर्वोपरि मंच लगातार विद्यार्थियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है और आगे भी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष आमिर हमजा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य है कि हर पात्र छात्र को छात्रवृत्ति का लाभ मिले और इसके लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।

प्रदेश संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार ने कहा कि हजारों विद्यार्थी अभी भी आवेदन से वंचित हैं, इसलिए सत्र 2025-26 के लिए पोर्टल पुनः खोलना अत्यंत आवश्यक है।

प्रदेश सचिव रईस अंसारी ने कहा कि छात्रहित सर्वोपरि मंच हमेशा विद्यार्थियों के साथ खड़ा है और छात्रहित के मुद्दों को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *