NH-319 पर स्कूल बस हादसा: एजुकेशनल टूर पर निकले स्टूडेंट्स दुर्घटना का शिकार, 2 की मौत, 11 बच्चे घायल





SASARAM

बिहार में एक और भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। सासाराम जिले के परसथुआ थाना क्षेत्र के सोहसा गांव के पास नेशनल हाइवे-319 पर मंगलवार तड़के छात्रों और शिक्षकों से भरी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 छात्र घायल हो गए। इनमें दो बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बढ़ौना की शैक्षणिक परिभ्रमण बस छात्रों और शिक्षकों को लेकर पटना जा रही थी। रात करीब 12:30 बजे बस अचानक अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में कुल 7 शिक्षक, 36 छात्र और एक अभिभावक सवार थे।

इस हादसे में शिक्षक संजय कुमार राय और पुनित कुमार सिंह की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों का इलाज कोचस के अस्पतालों में चल रहा है।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इधर, सोमवार को बिहार के गया जंक्शन पर भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्लेटफॉर्म संख्या छह पर महाबोधि एक्सप्रेस से नई दिल्ली जाने की जल्दबाजी में दो यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान ट्रैक पर गिर पड़े और ट्रेन की चपेट में आ गए। इस घटना में जहानाबाद निवासी सरयू प्रसाद और गया जिले के बाराचट्टी निवासी मो. खालिद आलम की मौत हो गई।

रेल थाना अध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि दोनों की पहचान आधार कार्ड से की गई। ट्रेन वाशिंग पिट से प्लेटफॉर्म पर आ रही थी और पूरी तरह रुकने से पहले ही कुछ यात्री चढ़ने लगे, जिससे यह हादसा हुआ। आरपीएफ और जीआरपी द्वारा लगातार चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *