रांची विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक का मोबाइल हैक, WhatsApp से ठगी का जाल

दो लोगों से 80 हजार की ऑनलाइन ठगी

Ranchi

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय, रांची विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. रीझु नायक के मोबाइल नम्बर (+91 8084052536) के साइबर हैक होने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। साइबर अपराधियों ने उनका नंबर हैक कर व्हाट्सएप के माध्यम से उनके परिचितों, सहकर्मियों और छात्रों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की। मामले को लेकर साइबर थाना, रांची में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज करा दी गई है।

प्राप्त विवरण के अनुसार हैकर्स ने डॉ. नायक बनकर आपात जरूरत का हवाला देते हुए लोगों से तत्काल ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने को कहा। धोखाधड़ी के इस क्रम में अब तक दो व्यक्ति ठगी का शिकार हो चुके हैं, जिन्होंने क्रमशः 50 हजार रुपये और 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए हैं।

बताया गया है कि हैकर्स द्वारा ट्रांजेक्शन के लिए मोबाइल नंबर 9341171604 जारी किया गया, जिस पर भुगतान करते समय अकाउंट धारक का नाम संजीत कुमार प्रदर्शित हो रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर अपराधी अक्सर प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर उनके संपर्क सूत्रों को निशाना बनाते हैं, ताकि विश्वास का लाभ उठाकर त्वरित आर्थिक ठगी की जा सके। इस तरह की घटनाएं डिजिटल सतर्कता की आवश्यकता को और अधिक रेखांकित करती हैं।

विश्वविद्यालय परिवार और संबंधित लोगों से अपील की गई है कि डॉ. रीझु नायक के नाम से प्राप्त किसी भी आर्थिक सहायता संबंधी संदेश पर तत्काल विश्वास न करें। किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले वैकल्पिक माध्यम से पुष्टि अवश्य करें।

साइबर थाना, रांची ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि संदिग्ध संदेश, लिंक या भुगतान अनुरोध मिलने पर सतर्क रहें और ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके। इस बात की जानकारी टीआरएल संकाय, रांची विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ बीरेन्द्र कुमार महतो ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *