बलियापुर से उठी मेहनत की मिसाल: श्याम मोदक का खान GS Academy में चयन, 90 हजार प्रतिमाह पैकेज

DHANBAD


बलियापुर प्रखंड के कुसमांटांड़ पंचायत निवासी श्याम मोदक का चयन देश के चर्चित शिक्षण संस्थान खान GS Academy (KGS) में फिजिक्स और केमिस्ट्री शिक्षक के रूप में हुआ है। यह चयन बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए लॉन्च किए गए नए कोर्स के तहत किया गया है। संस्थान के सीईओ खान सर की देखरेख में हुई इस प्रक्रिया में देशभर से अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।

बताया गया कि 2 फरवरी को आयोजित इंटरव्यू में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों से 1500 से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए। कई चरणों वाली कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद श्याम मोदक को अंतिम रूप से चुना गया। खास बात यह है कि पूरे झारखंड से सिर्फ धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड से उनका चयन हुआ है।

श्याम मोदक की प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से हुई। पारिवारिक आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, लेकिन उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी। पढ़ाई के साथ उन्होंने कुसमांटांड़ मोड़ पर अपना कोचिंग संस्थान शुरू किया और बच्चों को पढ़ाकर अपनी आगे की शिक्षा जारी रखी। वे पिछले करीब 12 वर्षों से 9वीं, 10वीं और 11वीं के छात्रों को विज्ञान और गणित की कोचिंग दे रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक अनुशासित और समर्पित शिक्षक के रूप में रही है। छात्रों के बीच वे अपने अलग अंदाज और मोटिवेशनल टीचिंग स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उनके छात्र अयन चक्रवर्ती ने बताया कि श्याम सर सिर्फ पढ़ाते नहीं थे, बल्कि बच्चों का आत्मविश्वास भी बढ़ाते थे। जरूरत पड़ने पर देर रात तक फोन पर कठिन सवाल समझाते थे और डिमोटिवेट छात्रों को हिम्मत देते थे।

श्याम मोदक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और छात्रों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का उद्देश्य बच्चों को इतना सक्षम बनाना होना चाहिए कि वे मजबूत आधार के साथ आगे बढ़ सकें।

संस्थान की ओर से उन्हें परिवार सहित रहने की सुविधा, आवश्यक संसाधन और ₹90,000 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। अब वे 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्रों को विज्ञान विषय पढ़ाएंगे और देशभर के विद्यार्थियों से जुड़ेंगे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *