GIRIDIH
जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी 41 वर्षीय गुलशन कुमार दराद को सोमवार को कोयंबटूर सीआईडी की टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गुलशन और उसके 5-6 सहयोगियों के खिलाफ कोयंबटूर सीआईडी ने 9600 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, सीआईडी की टीम विशेष कार्रवाई के तहत गिरिडीह पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में छापेमारी की गई और आरोपी को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे अपने साथ कोयंबटूर लेकर रवाना हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुलशन कोयंबटूर में एक टूरिज्म कंपनी संचालित करता था। इसी वर्ष जनवरी में उसके खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं को लेकर मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद वह कोयंबटूर से फरार हो गया था और तब से जांच एजेंसी उसकी तलाश में थी।
बताया जा रहा है कि घोटाले की राशि करीब 9600 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसकी जांच कोयंबटूर सीआईडी कर रही है। मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
इधर, आरोपी के परिजनों का कहना है कि गुलशन कई वर्षों से पर्यटन व्यवसाय से जुड़ा रहा है और उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल कोयंबटूर सीआईडी आरोपी से पूछताछ की तैयारी में है और आगे की कानूनी प्रक्रिया वहां पूरी की जाएगी।
