SPORT DESK
IND vs PAK match: क्रिकेट जगत के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक पर छाया विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने अपने पहले फैसले से पीछे हटते हुए 15 फरवरी को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ तय मैच खेलने की अनुमति दे दी है।
इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का संकेत दिया था। हालांकि ICC की मध्यस्थता, कई सदस्य देशों की बातचीत और श्रीलंका सरकार की अपील के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय टीम को मैच खेलने की मंजूरी दे दी।
पाकिस्तान सरकार का आधिकारिक बयान
पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB), यूएई क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका की ओर से आई औपचारिक अपील पर विचार किया। बयान में कहा गया कि PCB को BCB द्वारा की गई फॉर्मल रिक्वेस्ट और अन्य सदस्य देशों की बातचीत को रिव्यू किया गया।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश के साथ उसके संबंध मजबूत हैं और वह उसके साथ खड़ा है। बयान में BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के वक्तव्य का भी जिक्र किया गया।
सोमवार रात जारी बयान में कहा गया कि मित्र देशों की अपील और लगातार बातचीत को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 15 फरवरी 2026 को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में निर्धारित मैच खेलने का निर्देश देती है।
फिलहाल पाकिस्तान टीम श्रीलंका में मौजूद है और मंगलवार को अमेरिका के खिलाफ ग्रुप A का मुकाबला खेलेगी।
श्रीलंका ने फैसले का स्वागत किया
टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका ने पाकिस्तान के इस फैसले का स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोशल मीडिया पोस्ट में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होना सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने 1996 वर्ल्ड कप का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भारत और पाकिस्तान ने कोलंबो में मैच खेलकर एकजुटता दिखाई थी।
ICC की बैठक और अहम फैसला
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस विवाद को सुलझाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ बैठक की। बैठक के बाद ICC ने बयान जारी कर कहा कि बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही।
ICC ने स्पष्ट किया कि इस मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय, खेल या प्रशासनिक पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी।
इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि बांग्लादेश ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2031 से पहले एक ICC इवेंट की मेजबानी करेगा। यह आयोजन ICC की सामान्य होस्टिंग प्रक्रिया और ऑपरेशनल जरूरतों के अनुसार होगा।
ICC CEO का बयान
ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की अनुपस्थिति निराशाजनक है, लेकिन ICC का बांग्लादेश के प्रति दीर्घकालिक कमिटमेंट बरकरार है।
उन्होंने कहा कि ICC का लक्ष्य बांग्लादेश समेत सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर क्रिकेट के विकास को मजबूत करना है, ताकि खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित किए जा सकें। अब सभी की नजरें 15 फरवरी पर टिकी हैं, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी।
