पाकुड़ में स्कूल बस की चपेट में आया डिलीवरी बॉय, हादसे के बाद उग्र प्रदर्शन; बाजार रहे बंद

Pakud


पाकुड़ शहर के गांधी चौक के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि युवक एक स्कूल बस की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मृतक की पहचान तलवाडांगा निवासी मृदुल साहा के रूप में हुई है। वह जियो मार्ट में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार, मृदुल की आमदनी से ही पूरे परिवार का खर्च चलता था।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में गांधी चौक पर जुटने लगे। कुछ ही देर में आक्रोश बढ़ गया और लोगों ने प्रशासन व पुलिस व्यवस्था पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि गांधी चौक इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है और नो-इंट्री के बावजूद भारी वाहनों का बेरोकटोक प्रवेश हो रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने बैरिकेड लगाकर शहर के कई मार्गों पर यातायात रोक दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात तब और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी नगर थाना के सामने पहुंच गए और टायर जलाकर नारेबाजी शुरू कर दी।

करीब 10 बजे के बाद आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद करा दिया, जिससे शहर की व्यापारिक गतिविधियां ठप हो गईं। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। हालांकि, प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *