दो लाख की सुपारी देकर कराई गई फायरिंग, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
GODDA
पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम चौक पर महिला वंदना साह पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस साजिश के पीछे कोई बाहरी नहीं, बल्कि महिला का पति ही शामिल था, जो बिहार न्यायिक सेवा में कार्यरत है।
गोड्डा एसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बिहार के भागलपुर जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र निवासी श्याम कुमार साह, सुबोध कुमार साह और मो. आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वंदना साह और उनके पति संतोष कुमार साह के बीच गोड्डा परिवार न्यायालय में पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए संतोष कुमार साह ने पत्नी की हत्या की साजिश रची और दो लाख रुपये की सुपारी देकर अपराधियों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी।
आरोपियों के अनुसार, योजना के तहत 17 जनवरी की शाम जब वंदना साह बाइक से गोड्डा की ओर जा रही थीं, तभी गांधीग्राम चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में वंदना गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घायल महिला के बयान के आधार पर पथरगामा थाना में कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
