सतत विकास पर मंथन: ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी पर होगी गहन चर्चा
DAVOS
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दूसरे दिन मंगलवार को दावोस में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के तत्वावधान में एक अहम राउंड टेबल बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष रमेशकुमार संघवी सहित वरिष्ठ नीति निर्माता, विभिन्न वैश्विक कंपनियों के सीईओ और संस्थागत निवेशक एक मंच पर संवाद करेंगे।
बैठक के दौरान इस बात पर व्यापक विचार-विमर्श होगा कि सतत विकास की कार्ययोजना कैसी होनी चाहिए और इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से कैसे लागू किया जाए। दुनिया के सतत विकास लक्ष्य एक निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुके हैं, ऐसे में जलवायु परिवर्तन, संसाधनों की उपलब्धता और तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के बीच सरकारों, उद्योग जगत और निवेशकों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
इस राउंड टेबल बैठक के केंद्र बिंदुओं में ऊर्जा, अवसंरचना, विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और मानव संसाधन के प्रभावी कार्यान्वयन के तरीके, नीतिगत सामंजस्य, प्रबंधन की भूमिका, विखरे हुए वैश्विक परिदृश्य में परिचालन रणनीति और दीर्घकालिक मूल्य सृजन जैसे विषय शामिल हैं।
बैठक का उद्देश्य पायलट प्रोजेक्ट्स से आगे बढ़कर समाधानों को व्यापक स्तर पर लागू करने, सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सतत विकास को उत्पादकता और आर्थिक प्रतिस्पर्धा से जोड़ने की व्यावहारिक समझ विकसित करना है।
