100 साल पुराने बसारगढ़ तालाब से छेड़छाड़ पर जांच, विस्थापन से डरे 16 परिवारों को राहत का भरोसा
RANCHI
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 19 जनवरी 2025 को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के दूरदराज ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से सैकड़ों नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रमाण-पत्र निर्गमन, राजस्व मामलों, जनकल्याणकारी योजनाओं में विलंब और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए।
इटकी और सोनाहातु अंचल पर सख्ती
इटकी अंचल के 90 वर्षीय अली हसन की जमाबंदी से जुड़ी शिकायत पर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचल अधिकारी इटकी को कड़ी फटकार लगाते हुए शो-कॉज किया तथा नगड़ी के संबंधित राजस्व कर्मचारी पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
वहीं सोनाहातु अंचल में पंजी-2 सुधार में अनावश्यक विलंब के मामले में अंचल अधिकारी और कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया।
भू-माफियाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
गेतलसुद डैम से विस्थापित 16 परिवारों ने पुनः विस्थापन की आशंका जताते हुए भू-माफियाओं द्वारा अवैध समतलीकरण और सरकारी तालाब नष्ट करने की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले को गंभीर मानते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को तत्काल जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऐतिहासिक बसारगढ़ तालाब की सुरक्षा
वार्ड संख्या-53 में 100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक बसारगढ़ तालाब को जेसीबी से नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर उपायुक्त ने तुरंत जांच कर कार्य रोकने का आदेश दिया।
इसके अलावा सरना पूजा स्थल घेराव, महिला उत्पीड़न, धार्मिक भूमि पर चोरी, और मनगढ़ंत आरोपों जैसे मामलों में भी संबंधित पदाधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे लोगों में राहत और संतोष दिखा। नागरिकों ने कहा कि इस तरह का सीधा संवाद प्रशासन के प्रति भरोसे को और मजबूत करता है।
