सोमा मुंडा हत्याकांड पर उबाल, 17 जनवरी को झारखंड बंद, आदिवासी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी

KHUNTI

पड़हा राजा एवं अबुआ झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोम मुंडा की हत्या के विरोध में 17 जनवरी को संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। यह बंद हत्याकांड के आठ दिन बीतने के बावजूद मुख्य साजिशकर्ता और शूटरों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में बुलाया गया है।

झारखंड बंद का आह्वान आदिवासी समन्वय समिति (खूंटी) सहित करीब 30 आदिवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से किया है। गुरुवार को खूंटी के करम अखड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी वर्गों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई। संगठनों ने स्पष्ट किया कि स्कूल, अस्पताल, दवा दुकान और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा।

आदिवासी समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रभात मुंडा ने कहा कि जल-जंगल-जमीन और आदिवासी समाज के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले सोमा मुंडा की हत्या से सामाजिक व्यवस्था को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस हत्याकांड की जांच में भी लीपापोती न हो जाए।

संगठनों ने शासन-प्रशासन से मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निर्दोष लोगों को परेशान न करने, मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा देने और सोमा मुंडा द्वारा संचालित स्कूल के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेने की मांग की है।

आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक मार्शल बारला ने चेतावनी दी कि यदि मामले को दबाने की कोशिश हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बंद से पहले शुक्रवार शाम खूंटी में भगत सिंह चौक से नेताजी चौक तक मशाल जुलूस निकाले जाने की भी जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *