Khunti
खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के पास पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या जमीन विवाद के कारण की गई थी।
घटना के बाद खूंटी थाना कांड संख्या 03/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, खूंटी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 7 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बाहा मुंडा, देवा पाहन, अनिश मुंडा उर्फ सुकरा, रविया पाहन उर्फ रवि, रमेश्वर संगा उर्फ रमेश, पंकज कुमार शर्मा उर्फ पंडित और देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। खूंटी पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी आरोपियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। इनमें से देवव्रत नाथ शाहदेव कांके थाना काण्ड सं 90/25, दिनांक-27/03/2025 में अभियुक्त रहा है।
