TMC की चुनावी रणनीति संभाल रही I-PAC के दफ्तर पर ED की रेड; ममता बनर्जी पहुंचीं मौके पर, फाइल-लैपटॉप साथ ले गईं

कोयला घोटाले की जांच में कार्रवाई, प्रतीक जैन के कार्यालय पर भी रेड; BJP पर सीएम का तीखा हमला


KOLKATA


पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक और चुनावी प्रबंधन का काम करने वाली कंपनी I-PAC के कोलकाता स्थित साल्टलेक सेक्टर-5 कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह छापामारी की। इसके साथ ही I-PAC के मालिक प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित कार्यालय पर भी ED की टीम ने कार्रवाई की।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से आई ED की टीम कोयला घोटाले से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में यह छापेमारी कर रही है। ED की कार्रवाई की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद I-PAC के कार्यालय पहुंचीं। वहीं, उनके पहुंचने से कुछ मिनट पहले कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी मौके पर मौजूद थे।

फाइल और लैपटॉप लेकर बाहर निकलीं ममता बनर्जी
I-PAC कार्यालय में ED की मौजूदगी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फाइलें और लैपटॉप लेकर बाहर निकलते देखा गया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यहां पार्टी से जुड़े गोपनीय दस्तावेज, रणनीतियां और उम्मीदवारों की सूची रखी जाती है, ऐसे में केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई दुर्भाग्यजनक है।

अमित शाह पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पार्टी के अहम दस्तावेज और हार्ड डिस्क अपने साथ ले जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या कभी भाजपा के पार्टी कार्यालयों पर भी इस तरह की छापेमारी करवाई जाएगी। साथ ही मतदाता सूची और संवेदनशील डेटा को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए।

कौन हैं प्रतीक जैन
प्रतीक जैन I-PAC साल्टलेक के प्रमुख और मालिक हैं। I-PAC ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मौजूदा समय में भी यह एजेंसी राज्य में सत्ताधारी पार्टी की चुनावी रणनीति, राजनीतिक मैनेजमेंट और विपक्ष के हमलों का जवाब तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *