उपायुक्त ने कोचिंग संस्थान का किया निरीक्षण, हॉस्टल से लेकर कक्षाओं तक व्यवस्थाओं की सराहना
RANCHI
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान का विधिवत संचालन शुरू हो गया है। यह संस्थान झारखंड सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल के रूप में सामने आया है, जिसका उद्देश्य राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं, खासकर अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय नि:शुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराना है।
03 जनवरी 2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रही कक्षाओं का जायजा लिया और यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और अनुभवों की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, स्टडी एवं लाइब्रेरी हॉल, बॉयज मेस, गर्ल्स मेस तथा कक्षा कक्षों का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों को शिक्षा, आवास, भोजन और अध्ययन से जुड़ी सभी सुविधाएं बेहतर गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।
संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने बताया कि इस पहल से उनके सपनों को नई दिशा मिली है। अब उन्हें JEE और NEET की तैयारी के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा और रांची में ही बेहतर माहौल में रहकर उच्चस्तरीय कोचिंग प्राप्त कर सकेंगे।
यह कोचिंग संस्थान झारखंड के युवाओं के लिए एक नया अध्याय साबित हो रहा है, जहां एक साथ रहकर छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। रांची में ही उच्चस्तरीय कोचिंग उपलब्ध होने से राज्य के दूरदराज इलाकों के विद्यार्थियों को भी सीधा लाभ मिल रहा है।
पहले चरण में संस्थान में 300 से अधिक चयनित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर रही है।
