रांची में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शांतिनगर तिरिल से 7 तस्कर गिरफ्तार

RANCHI


वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नगर, रांची के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक सदर, रांची के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने शांतिनगर, तिरिल रोड नंबर-10 स्थित बाबला राम के घर पर छापेमारी कर तीन महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसे छोटे-छोटे पुड़ियों में प्लास्टिक पाउच, कागज और सिल्वर फॉयल में पैक कर रखा गया था। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सात स्मार्ट मोबाइल फोन, 7,300 रुपये नकद और एक केटीएम मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अम्बर कुमार राम उर्फ टमन उर्फ तपन (24 वर्ष), बाबला राम (48 वर्ष), मुन्नी देवी (40 वर्ष), दिव्या कुमारी (21 वर्ष) सभी शांति बिहार, तिरिल, कोकर के निवासी हैं। इनके अलावा पियूष कुमार (20 वर्ष), समीर तिर्की (35 वर्ष) और अमन कुमार (22 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है, जो अलग-अलग स्थानों पर किरायेदार के रूप में रह रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अम्बर कुमार राम के खिलाफ पहले से रांची जिले के सदर थाना में 13 मामले और अन्य थानों में 3 मामले, कुल 16 आपराधिक कांड दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 632/2025, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को धारा 111(2)(b) BNS एवं 21(b), 22(b), 23, 25 NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *