RANCHI
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी, रांची में चयनित आदिवासी छात्रा सविता कच्छप ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें पीएचडी में चयनित होने पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य सरकार की ओर से सविता कच्छप को पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने के लिए 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा गया।
सविता कच्छप ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह डूंगरी टोली, अरगोड़ा (रांची) की निवासी हैं और फिलहाल मधुकम स्थित अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 24 वर्ष की उम्र में ट्रिपल आईटी, रांची में इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में पीएचडी के लिए चयनित होकर वह आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की अभ्यर्थी बनी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वह टेक्निकल फील्ड में पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर हैं और IEEE जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना नॉवेल रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरे मन से आगे की पढ़ाई और शोध कार्य जारी रखें, राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर उनके परिजन और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
