RANCHI
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के झारखंड राज्य कार्यालय, अल्बर्ट एक्का चौक रांची में पार्टी का शताब्दी वर्ष समारोह धूमधाम से मनाया गया। पार्टी की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में संघर्ष, बलिदान और प्रतिबद्धता को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक द्वारा पार्टी ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद शहीद वेदी पर सभी साथियों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के राज्य सचिव कामरेड इम्तियाज खान ने की, जबकि संचालन धर्मवीर सिंह ने किया। शताब्दी समारोह के अवसर पर केक काटा गया और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा की गईं।
सभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 26 दिसंबर 1925 को कानपुर में हुई थी और आज 100 वर्षों बाद पार्टी उसी संघर्षशील विरासत के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्वजों ने शोषण, जुल्म और अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए अपना जीवन, जवानी और बलिदान दिया। अंग्रेजी हुकूमत से लेकर आज़ादी के बाद तक CPI मजदूरों, किसानों, छात्रों और नौजवानों की आवाज बनती रही है।
महेंद्र पाठक ने कहा कि आज देश अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति से गुजर रहा है। देश की संपदाएं बड़े पूंजीपतियों के हवाले की जा रही हैं और आम लोगों की आवाज दबाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “2026 संघर्ष का वर्ष होगा” और कम्युनिस्ट पार्टी नई आर्थिक गुलामी के खिलाफ, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और वंचितों की आवाज बनने के लिए संघर्ष को और तेज करेगी।
कार्यक्रम के अंत में गगनभेदी नारों के साथ शताब्दी वर्ष मनाया गया। साथियों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं, गले मिलकर पार्टी को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और 100 वर्षों के संघर्ष व बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर CPI राज्य कार्यकारिणी के साथी जैनेंद्र तथागत, कामरेड अली अंसारी, बार एसोसिएशन के ए.के. रशीदी, फरजाना फारूकी, एहतेशाम प्रवीण, वरिष्ठ नेता धर्मवीर सिंह सहित किरण कुमारी, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, कृष्ण कुमार वर्मा, सत्येंद्र सिंह, विजय कुमार लाल, सुनील कुमार सिंह, मोहम्मद मोइनुद्दीन, इम्तियाज खान, फिरोज आलम, साजिदानंद मिश्रा, राजेश कुमार, अब्दुल कलाम रसीदी, मोहम्मद मुफ्ती, अजहर कासमी, जयंत पांडे, प्रिया झा, इसाक अंसारी, उत्तम उरांव, शिवनारायण सिंह, डॉ चंदन निरंजन भारती समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
